महासमुंद। जिले में शुक्रवार को आकाशीय बिजली ने दो परिवारों की जिंदगी बदल दी। एक तरफ खेत की रखवाली कर रहे पिता-पुत्र पर बिजली गिरने से बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर बिजली गिरने से एक मकान में भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। लगातार बदलते मौसम और गरज-चमक के बीच हुई इन घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

खपरैल मकान पर गिरी बिजली, देखते ही देखते लगी भीषण आग

पहली घटना कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम बाघामुड़ा की है। शुक्रवार सुबह प्रज्ञानंद देवांगन के खपरैल मकान पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरते ही मकान में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त परिवार के सदस्य मकान से लगे दूसरे हिस्से में मौजूद थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

सूचना मिलते ही महासमुंद और बागबाहरा से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

खेत की रखवाली कर रहे पिता-पुत्र पर गिरी बिजली

दूसरी दर्दनाक घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा छापाडबरी खार में हुई। यहां धर्मसिंह गोंड (40) अपने पिता पुनीत राम गोंड (70) के साथ खेत की रखवाली करने गए थे। दोनों परसा पेड़ पर बने मचान में सो रहे थे।

देर रात मौसम अचानक खराब हुआ और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली सीधे मचान पर गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि धर्मसिंह गोंड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के बाद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गांव में मातम, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। लगातार बदलते मौसम और जिले में बढ़ रही आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *