पांडातराई। पांडातराई थाना क्षेत्र के ग्राम चारभाठा खुर्द में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव उसके खेत स्थित पंप हाउस में संदिग्ध हालत में मिला। मृतक की पहचान परमेश्वर चंद्रवंशी के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि परमेश्वर चंद्रवंशी का शव खेत के पंप हाउस के अंदर पड़ा मिला। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मामला हत्या से जुड़ा हो सकता है। सूत्रों की मानें तो संबंधों को लेकर विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि पंप हाउस में काम करने वाली दो महिलाओं से भी पुलिस पूछताछ कर सकती है। हालांकि पूरे मामले में अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पांडातराई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *