कोलकाता। पश्चिम बंगाल की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने राज्य के सभी मदरसों में ‘वंदे मातरम’ गाना तत्काल प्रभाव से अनिवार्य कर दिया है। यह आदेश राज्य के मदरसा शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी किया गया है।

सरकार के निर्देश के अनुसार यह नियम अल्पसंख्यक मामले एवं मदरसा शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी मॉडल मदरसों, सरकारी सहायता प्राप्त मदरसों, अनुमोदित SSK, MSK तथा मान्यता प्राप्त गैर-सहायता प्राप्त मदरसों पर लागू होगा। अब कक्षाएं शुरू होने से पहले प्रार्थना सभा में ‘वंदे मातरम’ गाना अनिवार्य रहेगा।

राज्य के मदरसा शिक्षा मंत्री खुदीराम टुडू ने कहा कि जब राज्य के अन्य स्कूलों में ‘वंदे मातरम’ गाना अनिवार्य है, तो मदरसों में इसे लागू करने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य छात्रों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।

इससे पहले 13 मई को पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में भी ‘वंदे मातरम’ को अनिवार्य किया था। अब उसी आदेश का विस्तार मदरसों तक कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार के इस फैसले को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। एक ओर BJP इसे राष्ट्रभक्ति से जुड़ा कदम बता रही है, वहीं विपक्षी दल इसे धार्मिक संस्थानों में सरकारी हस्तक्षेप बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *