कवर्धा। कवर्धा जिले में पुलिस ने एक मकान में दबिश देकर संदिग्ध परिस्थितियों में 3 युवतियों और 1 युवक को हिरासत में लिया है। जांच के दौरान मकान में देह व्यापार संचालित होने का खुलासा हुआ। पकड़ी गई युवतियां कोरबा और बिलासपुर की रहने वाली बताई जा रही हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर की एक युवती लापता है। बुधवार को उसके परिजन कवर्धा पहुंचे थे और पुलिस से मदद मांगी। परिजनों को सूचना मिली थी कि युवती घोठिया बायपास रोड स्थित किरण पनागर के मकान में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी।

हालांकि जिस युवती की तलाश की जा रही थी, वह मकान में नहीं मिली। लेकिन पुलिस को वहां तीन युवतियां और एक युवक संदिग्ध हालत में मिले। पूछताछ के दौरान देह व्यापार का मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया और विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने बताया कि अंबिकापुर से आए लोगों ने गुमशुदा युवती की तलाश में पुलिस से सहयोग मांगा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घोठिया बायपास स्थित मकान में कार्रवाई की, जहां देह व्यापार संचालित होने का खुलासा हुआ।

पुलिस फिलहाल लापता युवती की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *