रायपुर। राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की बड़ी कार्रवाई की है। राजधानी के कुख्यात गांजा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर रवि साहू पर शिकंजा कसते हुए उसकी करीब 7 करोड़ रुपए की संपत्ति सीज़ कर दी गई है। कार्रवाई SAFEMA (स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स एक्ट) के तहत की गई है।

पुलिस के मुताबिक रवि साहू ने अवैध कमाई से पत्नी, बेटे और मां के नाम पर करोड़ों रुपए की संपत्तियां खरीद रखी थीं। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने मामले का प्रतिवेदन SAFEMA कोर्ट मुंबई को भेजा था, जिसके बाद कार्रवाई को अमलीजामा पहनाया गया।

बताया जा रहा है कि रवि साहू के खिलाफ कुल 55 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से राजधानी के कालीबाड़ी इलाके में गांजे का बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वह रायपुर के अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी गांजा तस्करी का नेटवर्क चला रहा था।

पुलिस ने रवि साहू की कुल 16 संपत्तियों को सीज़ किया है। इसमें मकान, जमीन और अन्य अचल संपत्तियां शामिल हैं। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में एनडीपीएस एक्ट के तहत यह पहली बड़ी संपत्ति जब्ती कार्रवाई मानी जा रही है।

DCP सेंट्रल Umesh Gupta ने बताया कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। राजधानी में युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए पुलिस अब नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *