रायपुर। इंदौर में सामने आए हाईप्रोफाइल हनीट्रैप-2 कांड ने मध्य प्रदेश समेत छत्तीसगढ़, गुजरात और दिल्ली तक राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में सनसनी फैला दी है। इंदौर क्राइम ब्रांच की जांच में नेताओं, अफसरों और कारोबारियों से जुड़े 100 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो मिलने का दावा किया गया है। मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस के एक DIG रैंक के अधिकारी का नाम सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क को बेहद सुनियोजित तरीके से संचालित किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपी श्वेता विजय जैन भोपाल से पूरे नेटवर्क को ऑपरेट करती थी, जबकि रेशू चौधरी प्रभावशाली लोगों से संपर्क कर उन्हें जाल में फंसाने का काम करती थी। पुलिस को रेशू चौधरी के मोबाइल और अन्य डिजिटल डिवाइस से बड़ी संख्या में आपत्तिजनक वीडियो और चैट्स मिले हैं।

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वीडियो के जरिए रसूखदार लोगों को ब्लैकमेल कर करोड़ों रुपए की उगाही की जाती थी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि कुछ वीडियो बेचने की तैयारी भी की जा रही थी। दिल्ली के एक वरिष्ठ नेता से करीब 4 करोड़ रुपए वसूलने की साजिश की जानकारी भी जांच में सामने आई है।

मामले की शुरुआत इंदौर के कारोबारी हितेंद्र उर्फ चिंटू ठाकुर की शिकायत से हुई। कारोबारी ने आरोप लगाया कि 28 अप्रैल को सुपर कॉरिडोर इलाके में अलका दीक्षित और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दबाव बनाया। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें हनीट्रैप रैकेट का खुलासा हुआ।

अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने जयदीप, लाखन चौधरी, पत्रकार जितेंद्र पुरोहित और हेड कॉन्स्टेबल विनोद शर्मा समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस पूरे नेटवर्क को राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण तो नहीं मिल रहा था।

जांच के दायरे में मध्य प्रदेश के एक विधायक, मालवा-निमाड़ क्षेत्र के कुछ नेता, एक पूर्व अधिकारी, दिल्ली के वरिष्ठ नेता और गुजरात के एक बड़े उद्योगपति का नाम भी सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर किसी बड़े नाम की पुष्टि नहीं की है।

इधर, छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में DIG रैंक के अधिकारी के नाम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। आखिर वह अधिकारी कौन है, इसे लेकर विभागीय हलकों में अटकलें तेज हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *