खैरागढ़। जिले के दल्लीखोली और लछना जंगल से सामने आए एक वायरल वीडियो ने वन विभाग और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जंगल के भीतर स्थित एक जलस्रोत के पास बड़ी संख्या में पक्षियों और जंगली जानवरों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद मौत की वजह को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। जानकारी के मुताबिक वन्यजीव और प्रकृति प्रेमी मुकेश वर्मा दोपहर के समय बर्ड वॉचिंग और नेचर फोटोग्राफी के लिए दल्लीखोली जंगल पहुंचे थे। जंगल में घूमने के दौरान उन्हें सबसे पहले एक मृत Greater Racket-tailed Drongo दिखाई दिया। इसके बाद जब उन्होंने आसपास तलाश की तो वे हैरान रह गए। जलस्रोत के पास कई पक्षियों और जंगली जानवरों के शव पड़े मिले। मुकेश वर्मा ने पूरे घटनास्थल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वायरल वीडियो में एक नर मोर, दो मादा मोर, तीन एशियन पाम सिवेट समेत कई दुर्लभ पक्षियों के शव दिखाई दे रहे हैं। इनमें रुफस ट्रीपाई, ओरिएंटल मैगपाई रॉबिन और जंगल आउलेट जैसे पक्षी भी शामिल बताए जा रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि एक ही जगह इतने अलग-अलग वन्यजीवों की मौत आखिर कैसे हुई। मुकेश वर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट में आशंका जताई है कि जंगल के जलस्रोत में किसी जहरीले रसायन या पदार्थ को मिलाया गया हो सकता है। माना जा रहा है कि पानी पीने के बाद इन बेजुबान जानवरों और पक्षियों की मौत हुई होगी। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम जांच में जुट गई है। विभाग फिलहाल जहरखुरानी, भीषण गर्मी और पानी की कमी जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है। मौके से पानी और अन्य सैंपल लिए गए हैं। मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम भी कराया जाएगा ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके। वन्यजीव जानकारों का कहना है कि एक ही जगह इतने पक्षियों और जानवरों का मृत मिलना सामान्य घटना नहीं है। खासकर मोर और सिवेट जैसे वन्यजीवों की एक साथ मौत ने मामले को और गंभीर बना दिया है। घटना के बाद ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों में भारी नाराजगी है। लोगों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस रहस्यमयी घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। अब सभी की नजर वन विभाग की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जो यह साफ करेगी कि जंगल के इस जलस्रोत में आखिर ऐसा क्या हुआ, जिससे इतने बेजुबान वन्यजीवों की जान चली गई। JOHARPOST.IN VIRAL VIDEO: खैरागढ़ के जंगल में मौत का रहस्य, एक साथ मिले मोर और कई वन्यजीवों के शव#खैरागढ़ #दल्लीखोली #लछना #वन्यजीव #मोर #सिवेट #ForestNews #Wildlife #ViralVideo #ChhattisgarhNews pic.twitter.com/GAQDTSCi9A— JOHARPOST.IN (@johar_post) May 26, 2026 Post navigation रात 2:30 बजे पुलिस-खनिज विभाग की रेड, रेत माफिया के उड़े होश जशपुर में सनसनी: वायरलेस टॉवर पर झूल गई 22 साल की युवती