विजय सिन्हा /गरियाबंद। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर बीएस उइके के निर्देश और मार्गदर्शन में खनिज विभाग तथा पुलिस की संयुक्त टीम लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 2 चैन माउंटेन मशीन और रेत से भरा एक हाइवा जब्त किया गया है।

खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 की रात करीब 2:30 बजे ग्राम पितईबंद स्थित महानदी क्षेत्र में संयुक्त टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध उत्खनन में लगी एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मशीन को ग्राम पंचायत पितईबंद के सरपंच की सुपुर्दगी में सौंपा गया।

इसी दौरान राजिम-फिंगेश्वर मार्ग पर रेत से भरा एक हाइवा भी पकड़ा गया। वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए पांडुका थाना में रखा गया है।

वहीं 25 मई 2026 को ग्राम नांगझर, तहसील छुरा में भी अवैध उत्खनन की सूचना पर खनिज विभाग ने कार्रवाई की। यहां अवैध खनन में उपयोग हो रही मशीन और वाहन को जब्त कर थाना फिंगेश्वर की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग ने साफ किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

यह जानकारी माइनिंग सहायक अधिकारी अर्चना ठाकुर और माइनिंग इंस्पेक्टर कोमल ध्रुव द्वारा दी गई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *