सरगुजा में नायब तहसीलदार और BJP विधायक के बीच विवाद, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR

अंबिकापुर/सीतापुर। सरगुजा जिले के राजापुर उप तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार और सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के बीच विवाद का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

एक ओर विधायक रामकुमार टोप्पो की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार के खिलाफ जमानती धाराओं में मामला दर्ज हुआ है, वहीं दूसरी ओर नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो सहित 13-14 समर्थकों के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि विधायक रामकुमार टोप्पो की बहन सीमा धनकी ने नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी पर जातिगत गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार, अश्लील इशारे करने और धक्का-मुक्की करते हुए जबरन ऑफिस से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। इस शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 351(2) और 79 के तहत मामला दर्ज किया है।

वहीं नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने आरोप लगाया है कि राजापुर स्थित चौराहे पर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। उनकी शिकायत पर पुलिस ने विधायक समेत अन्य लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 221, 121(1), 191(2) और 132 के तहत FIR दर्ज की है।

मामले को लेकर सीतापुर एसडीएम फगेश सिन्हा ने भी कहा कि उनके सामने विधायक और समर्थकों द्वारा नायब तहसीलदार के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद प्रशासनिक अमले में भी हलचल मच गई है।

इधर कलेक्टर अजीत बसंत ने कहा है कि दोनों पक्षों की शिकायत पर निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

JOHARPOST.IN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *