विजय सिन्हा/गरियाबंद। जिले के पांडुका थाना क्षेत्र में स्थित पैरी नदी के बीच बने कुकदा डैम में दर्दनाक हादसा हो गया। रायपुर से घूमने पहुंचे चार दोस्तों में से एक युवक और एक युवती की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पांडुका पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर से चार दोस्त कुकदा डैम घूमने पहुंचे थे। इनमें 22 वर्षीय सिंपी और 23 वर्षीय पीयूष मंडल समेत तीन युवक और एक युवती शामिल थे। बताया जा रहा है कि शाम करीब 5 बजे सभी डैम में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से सिंपी और पीयूष डूबने लगे।

साथियों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की अधिक गहराई और बहाव के कारण उन्हें बाहर नहीं निकाला जा सका। घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुकदा डैम पहले भी कई लोगों की जान ले चुका है। सिंचाई विभाग की ओर से डैम के आसपास चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। नीचे उतरने और नहाने पर रोक के निर्देश भी लिखे गए हैं। सुरक्षा के लिए तार घेराबंदी भी की गई है, लेकिन लोग खतरे को नजरअंदाज कर सीधे पानी में उतर जाते हैं।

डैम की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से डैम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *