विजय सिन्हा/गरियाबंद। जिले की अमलीपदर पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 18.900 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 45 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से उड़ीसा की ओर से भारी मात्रा में गांजा लेकर अमलीपदर क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम बिरीघाट के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक को रोका। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान हीरालाल केवर्त (29 वर्ष) और टीकम टोलटिया (36 वर्ष), दोनों निवासी जिला नवरंगपुर (उड़ीसा), के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उनके पास से 18.900 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा के साथ घटना में इस्तेमाल की गई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 9 लाख 89 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अमलीपदर पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। Post navigation देखिए VIDEO: अगर पी ली होती ये शराब तो क्या होता? बालोद की घटना ने बढ़ाई चिंता…सीलबंद बोतल में निकला कांच सूरजपुर में 2 करोड़ का गांजा पकड़ाया, बस रुकते ही तस्कर हुए फरार