बालोद। जिले में शराब की गुणवत्ता को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी देशी शराब दुकान से खरीदी गई रोमियो ब्रांड की शराब की सीलबंद बोतल के अंदर कांच के टुकड़े मिलने का दावा किया गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक तांदुला डैम के पास स्थित देशी शराब दुकान से एक व्यक्ति ने रोमियो ब्रांड का पौवा खरीदा था। जब उसने शराब पीने के लिए बोतल खोली तो अंदर कांच के छोटे-छोटे टुकड़े दिखाई दिए। इसके बाद उसने दुकान संचालकों से इसकी शिकायत की।

मामले की जानकारी कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी तक पहुंची। उन्होंने बोतल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया और पूरे मामले को गंभीर बताते हुए सरकार और आबकारी विभाग पर सवाल खड़े किए।

चंद्रेश हिरवानी का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति अनजाने में इस शराब का सेवन कर लेता तो उसकी जान पर बन सकती थी। उनका कहना है कि कांच के टुकड़े शरीर के अंदर जाकर गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शराब की बिक्री तो हो रही है, लेकिन उसकी गुणवत्ता पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी इस तरह की शिकायतों पर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

वहीं, मामले को लेकर जिला आबकारी अधिकारी योगेश्वर कुमार द्विवेदी ने जांच कराने की बात कही है। उनका कहना है कि यह पता लगाया जाएगा कि गड़बड़ी सप्लाई के दौरान हुई या फिर वेयरहाउस स्तर पर कोई लापरवाही हुई है।

आबकारी विभाग के अनुसार यदि जांच में किसी कंपनी या सप्लायर की गलती सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यदि इसी ब्रांड की और शिकायतें मिलती हैं तो उसकी आपूर्ति रोकने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *