अफेयर के शक में वकील की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, आरोपी फरार बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अफेयर के शक में एक वकील की हत्या कर दी गई। आरोप है कि अपराधी प्रवृत्ति के युवक भोला मानिकपुरी (28) ने वकील निखिल गोस्वामी (27) पर पहले मिर्च पाउडर फेंका, फिर पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल निखिल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि निखिल गोस्वामी, भोला मानिकपुरी का केस लड़ता था। इसी दौरान उसकी पहचान भोला की पत्नी से हुई। आरोपी को दोनों के बीच संबंध होने का शक था। इसी शक में उसने हत्या की साजिश रची। घटना गुरुवार रात की है। निखिल अपने एक दोस्त के साथ बाहर निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे भोला ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। निखिल संभल पाता, इससे पहले आरोपी ने पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बिलासपुर रेफर किया गया। हालांकि इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अफेयर के शक को हत्या की वजह माना जा रहा है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही है। Post navigation जिस गांव में था नक्सलियों का दबदबा, वहीं ग्रामीणों ने खुद ढहा दिया उनका स्मारक! प्रदीप सोनी हत्याकांड: व्हाट्सएप पर कबूलनामे से मचा हड़कंप, साइबर जांच में जुटी पुलिस