गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी हत्याकांड में एक नया मोड़ सामने आया है। मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के बावजूद वारदात में शामिल कुछ शूटर अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इसी बीच मृतक के छोटे भाई मनोज सोनी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आने के बाद परिवार और पुलिस दोनों की चिंता बढ़ गई है। मैसेज भेजने वाले शख्स ने खुद को प्रदीप सोनी का हत्यारा बताते हुए लिखा, “प्रदीप कुमार सोनी की गोली मारकर हत्या मैंने की है… जो करना है कर लो।” इस संदेश को परिवार ने सीधे तौर पर धमकी के रूप में लिया। हालांकि कुछ देर बाद उसी नंबर से दूसरा मैसेज आया, जिसमें लिखा गया, “सॉरी भैया, मैं थोड़ा मेंटली डिस्टर्ब हो गया था। बार-बार वही न्यूज देखकर ऐसा कर दिया। मैंने कुछ नहीं किया, मुझे माफ कर दीजिए।” घटना के बाद मनोज सोनी ने तत्काल पेंड्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात नंबर के खिलाफ मामला दर्ज कर साइबर सेल और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मैसेज भेजने वाला वास्तविक आरोपी है या फिर कोई व्यक्ति जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड बिलासपुर जिले के बिटकुला गांव निवासी खुशीराम साहू है, जिसे पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके साथ राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि खुशीराम साहू ने बिहार और झारखंड से शूटर बुलाकर पूरी वारदात को अंजाम दिलाया था। हालांकि हत्या और लूट में शामिल कुछ शूटर अब भी फरार हैं। बिहार एसटीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक मुख्य शूटर को झारखंड से गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। व्हाट्सएप पर आए इस कथित कबूलनामे और धमकी भरे संदेश के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। साइबर और फॉरेंसिक टीम अब मैसेज की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है। पुलिस का मानना है कि इस नए घटनाक्रम से मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। Post navigation जिसका केस लड़ा, उसी ने ली जान! वकील की दर्दनाक हत्या पूमा के नाम पर बड़ा खेल! 618 जोड़ी नकली फुटवेयर जब्त, दो कारोबारियों पर केस