रायपुर। राजधानी रायपुर के एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल की बिल्डिंग में गुरुवार सुबह आग लग गई। आग धीरे-धीरे फैलते हुए बिल्डिंग की दूसरी और तीसरी मंजिल तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।

घटना मौदहापारा थाना क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह दुकान खुलने के कुछ समय बाद भवन के अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद आग तेजी से फैलने लगी। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था।

जानकारी के मुताबिक शोरूम के अंदर बड़ी मात्रा में गाड़ियों के स्पेयर पार्ट्स, टायर, ट्यूब, प्लास्टिक सामग्री और लुब्रिकेंट्स रखे हुए थे। ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग बुझाने में फायर ब्रिगेड को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

मौदहापारा थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दोपहर तक आग बुझाने का काम जारी रहा।

सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की कई दुकानों को बंद कराया गया है। इलाके में बैरिकेडिंग की गई है और पुलिस बल तैनात किया गया है। एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण मिलने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *