कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हंगामा मच गया जब ग्राम नेवसा के दो युवक पानी टंकी पर चढ़ गए और थाना प्रभारी (TI) के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आत्महत्या की धमकी देने लगे। युवकों ने टंकी पर पेट्रोल छिड़ककर आग भी लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करीब तीन घंटे की समझाइश के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम ने दोनों को सुरक्षित नीचे उतारा।

युवकों की पहचान रफीक मोहम्मद (22) और दीपेश निर्मलकर (23) के रूप में हुई है। दोनों ने हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना पर मारपीट करने और 23,500 रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस ने उन्हें पकड़कर थाने ले जाया, जहां उनके साथ मारपीट की गई और बाद में दबाव बनाकर बयान लिखवाया गया।

घटना के दौरान दोनों युवक लगातार यह मांग कर रहे थे कि थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उनका आरोप था कि पुलिस ने उनके साथ अन्याय किया है और उनकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने पानी टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया और आत्महत्या की चेतावनी दी।

मामले को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी दिखाई दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान लोगों को जबरन थाने ले जाया गया था।

वहीं, इस पूरे मामले पर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि रफीक मोहम्मद और दीपेश निर्मलकर क्षेत्र में जुआ फड़ संचालित करते हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें पकड़ा था और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए धारा 151 के तहत मामला दर्ज किया गया था। थाना प्रभारी ने रिश्वत और मारपीट के आरोपों से इनकार किया है।

फिलहाल मामले की चर्चा पूरे क्षेत्र में है। एक ओर युवक पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *