यह एक काल्पनिक (Illustrative) तस्वीर है, जिसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की सहायता से तैयार किया गया है।

बिलासपुर। बिलासपुर जिले की 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला बालकुंवर बसोर ने अपनी संपत्ति से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में न्याय नहीं मिलने पर इच्छामृत्यु की मांग की है। महिला का आरोप है कि एक स्थानीय पंच ने बैंक संबंधी कार्य, धान पंजीयन और अन्य दस्तावेजी प्रक्रियाओं के नाम पर उनकी करीब 90 लाख रुपए की संपत्ति पर कब्जा कर लिया।

पीड़िता बालकुंवर बसोर ने आरोप लगाया कि आरोपी ने विश्वास में लेकर उनसे कई दस्तावेजों पर अंगूठा लगवाया। बाद में पता चला कि उनकी कृषि भूमि, बैंक खाते की रकम और कुछ वाहन उसके नाम पर दर्ज हो गए हैं। महिला का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत की, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़िता बालकुंवर बसोर ने कहा, “मैंने मदद और सरकारी काम कराने की बात पर भरोसा किया था। बाद में मुझे पता चला कि मेरी जमीन और अन्य संपत्ति मेरे नाम से हट चुकी है। मैं लंबे समय से न्याय की मांग कर रही हूं, लेकिन सुनवाई नहीं होने से परेशान होकर इच्छामृत्यु की मांग की है।”

मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद पुलिस ने आरोपी फगुन प्रसाद प्रजापति के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है। बैंक लेन-देन, जमीन से जुड़े दस्तावेज और वाहन हस्तांतरण रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *