रिश्वत लेते वीडियो वायरल: बलौदाबाजार की बैंक मैनेजर निलंबित, मृतक खाताधारक की रकम निकालने के लिए मांगे थे पैसे बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की निपनिया शाखा की मैनेजर अनिता पांडेय को रिश्वत लेने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उस वीडियो के वायरल होने के बाद की गई, जिसमें वह एक महिला से नकद राशि लेते दिखाई दे रही हैं। मृत पति के खाते से पैसे निकालने के बदले मांगी रकम शिकायतकर्ता खेलन बाई सतनामी ने बताया कि उनके पति रूपदास सतनामी का करीब एक वर्ष पहले निधन हो गया था। उनके बैंक खाते में लगभग 1.10 लाख रुपये जमा थे। महिला का आरोप है कि खाते से रकम निकालने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए मैनेजर ने पहले 10 हजार रुपये की मांग की, जिसे बाद में घटाकर 5 हजार रुपये कर दिया गया। ग्रामीण ने बनाया वीडियो, जनदर्शन में हुई शिकायत महिला जब पैसे देने बैंक पहुंची, तब एक ग्रामीण ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद पीड़िता ने जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा से मिलकर शिकायत दर्ज कराई और वीडियो सहित अन्य साक्ष्य सौंपे। वीडियो में क्या दिखा? वायरल वीडियो में मैनेजर महिला से उसके पति के बारे में पूछताछ करती नजर आ रही हैं। इसके बाद वह दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाती हैं और महिला के बेटे से रकम के बारे में पूछती हैं। बेटे द्वारा 5 हजार रुपये बताने पर मैनेजर पैसे लेते हुए दिखाई देती हैं। वीडियो में वह यह भी कहती सुनाई देती हैं कि भविष्य में किसी काम के लिए सीधे उनके पास आना। जांच के आदेश, मैनेजर सस्पेंड मामला सामने आने के बाद कलेक्टर ने संबंधित विभाग के नोडल अधिकारी को जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच के आधार पर बैंक प्रबंधन ने अनिता पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विधायक ने भी जताई नाराजगी भाटापारा विधायक इंद्र साव ने कहा कि मैनेजर की कार्यशैली को लेकर पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक वर्ष पहले फोन पर बात करने के दौरान अधिकारी ने अभद्र व्यवहार किया था। विधायक ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों को बैंक में काम कराने में परेशानी होती है और रिश्वत मांगने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। JOHARPOST.IN मृत पति के खाते से पैसे निकालने पहुंची महिला, बैंक मैनेजर पर रिश्वत लेने का आरोप; वीडियो वायरल होते ही कार्रवाई#BalodaBazar #AnitaPandey #BankManager #BriberyCase #ViralVideo #ChhattisgarhNews #CooperativeBank #Bhatapara #CGNews #BreakingNews #Corruption #BankScandal #JoharPost pic.twitter.com/sFvz4ubJa1— JOHARPOST.IN (@johar_post) June 15, 2026 Post navigation गुरुचरण सिंह होरा के नेतृत्व में यूनियन क्लब का मेगा समर कैंप सम्पन्न, मंत्री गुरु खुशवंत और सांसद बृजमोहन अग्रवाल रहे मौजूद 87 साल की बुजुर्ग ने मांगी इच्छामृत्यु, 90 लाख की संपत्ति हड़पने का आरोप