अंबिकापुर में झाड़फूंक का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में झाड़फूंक और समस्याओं का समाधान करने का दावा करने वाले एक कथित बाबा को पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक 24 वर्षीय युवती को शादी और नौकरी का लालच देकर उसके साथ गलत काम करने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी अमित कुमार गोस्वामी 14 जून को एक कॉलोनी में पहुंचा था। वह खुद को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का निवासी बताकर लोगों की परेशानियां दूर करने और झाड़फूंक करने की बातें कर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक युवती से हुई।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने युवती को भरोसे में लेकर कहा कि विशेष पूजा और झाड़फूंक से उसकी नौकरी लग सकती है और अच्छा विवाह प्रस्ताव भी मिलेगा। इसके बाद उसने कथित धार्मिक प्रक्रिया शुरू की। आरोप है कि उसने युवती की मां को मंदिर भेज दिया और बहन को कमरे से बाहर जाने के लिए कहा। इसी दौरान उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया और वहां से फरार हो गया।

घटना की शिकायत मिलने के बाद गांधीनगर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में तलाश अभियान चलाया। बाद में सुभाषनगर क्षेत्र से संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसकी पहचान अमित कुमार गोस्वामी (29) के रूप में हुई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से झाड़फूंक में उपयोग किए जाने वाले कुछ सामान और पाउडर भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह लोगों को अंधविश्वास के जरिए प्रभावित कर उनसे पैसे वसूलने का काम करता था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *