सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला अस्पताल में डिलीवरी से पहले गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएमएचओ कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा किया। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग में भी हलचल मच गई है।

जानकारी के अनुसार रामनगर गांव निवासी पूजा मानिकपुरी (19) को लेबर पेन होने पर मंगलवार सुबह जिला अस्पताल के मातृ-शिशु वार्ड में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने पहले से ही डिलीवरी की तारीख तय की थी और ऑपरेशन की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान महिला की हालत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही समय में उसकी तथा गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।

मृतका के पति सूरज मानिकपुरी ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी को बिना पर्याप्त जानकारी दिए एक इंजेक्शन लगाया गया था। इंजेक्शन लगने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और बाद में उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि इस पूरे मामले में गंभीर लापरवाही हुई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

वहीं ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर गरिमा सिंह ने बताया कि महिला को पहले से ब्लड प्रेशर की समस्या थी, जिसके कारण गर्भस्थ शिशु तक रक्त का प्रवाह प्रभावित हो रहा था। स्थिति को देखते हुए ऑपरेशन की तैयारी की जा रही थी। डॉक्टर के अनुसार इंजेक्शन देने के बाद महिला को उल्टी हुई और उल्टी श्वास नली में चली जाने के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई, जिससे मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। बढ़ते विरोध को देखते हुए जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने मामले की जांच और पोस्टमॉर्टम के लिए अलग-अलग चार सदस्यीय टीमों का गठन किया है।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े