गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पायलीखंड थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के शव घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में अलग-अलग पेड़ों से फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान जयराम नागेश (65) और उनकी पत्नी वेदमती नागेश (45) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि दोनों के बीच अक्सर घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता था। रविवार को भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद जयराम घर से निकल गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उनकी पत्नी वेदमती भी उन्हें तलाशने जंगल की ओर चली गईं। इसके बाद दोनों घर नहीं लौटे। परिजनों ने शुरुआत में इसे सामान्य नाराजगी समझा, क्योंकि पहले भी दोनों कई बार घर छोड़कर चले जाते थे और बाद में लौट आते थे। लेकिन जब 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी दोनों का कोई पता नहीं चला, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान जंगल में दोनों के शव अलग-अलग पेड़ों से फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही पायलीखंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले पति ने आत्महत्या की और बाद में पत्नी ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। Post navigation बिजली दर बढ़ोतरी पर कांग्रेस का हल्ला बोल, प्रदेशभर में प्रदर्शन… पत्नी के मायके जाने से आहत पिता ने दो मासूम बेटों संग दी जान, गांव में पसरा मातम