रायपुर, बिलासपुर और महासमुंद समेत कई जिलों में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव कर नारेबाजी की।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशभर में प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रायपुर, बिलासपुर और महासमुंद समेत कई जिलों में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव कर नारेबाजी की। कई स्थानों पर प्रतीकात्मक पुतला दहन भी किया गया।

रायपुर के डंगनिया क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगाड़ा बजाकर विरोध दर्ज कराया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार मेनन ने आरोप लगाया कि बिजली दरों में बढ़ोतरी से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और सरकार जनता के हितों की अनदेखी कर रही है।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि योजनाबद्ध तरीके से बिजली दरों में वृद्धि की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले किए गए वादों के विपरीत अब आम लोगों की परेशानियां बढ़ाई जा रही हैं।

वहीं कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार की नीतियों का लाभ बड़े उद्योगपतियों को मिल रहा है, जबकि आम उपभोक्ताओं पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाएगी।

बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग (CSERC) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई दरों को मंजूरी दी है। आयोग के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक वृद्धि की गई है, जबकि औसतन 6.23 प्रतिशत बढ़ोतरी को स्वीकृति दी गई है। नई दरें 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *