खैरागढ़ में आबकारी कर्मचारी का शराब पीते वीडियो वायरल, मुख्य लिपिक तत्काल प्रभाव से निलंबित


खैरागढ़। सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार माध्यमों में आबकारी विभाग के कर्मचारियों के शराब पीते हुए कथित वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। मामले में जिला आबकारी कार्यालय खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के मुख्य लिपिक वीरेंद्र सिंह यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार 17 जून 2026 को कलेक्टोरेट परिसर स्थित जिला आबकारी कार्यालय में कार्यालयीन समय के दौरान मुख्य लिपिक वीरेंद्र सिंह यादव द्वारा अपने कार्यालयीन कक्ष में मद्यपान किए जाने की जानकारी सोशल मीडिया एवं समाचार माध्यमों में प्रसारित वीडियो के अवलोकन से सामने आई। प्रशासन ने इसे प्रथम दृष्टया गंभीर अनुशासनहीनता माना है।

आदेश में उल्लेख किया गया है कि उक्त कृत्य शासकीय सेवक के लिए अपेक्षित आचरण के प्रतिकूल है तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के उल्लंघन की श्रेणी में आता है। मामले की गंभीरता और प्रस्तावित विभागीय जांच को देखते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1) के तहत वीरेंद्र सिंह यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आबकारी विभाग के सहायक ग्रेड-3 सुजीत पूरी गोस्वामी और मुख्य लिपिक वीरेंद्र सिंह यादव दिखाई देने का दावा किया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और सरकारी कार्यालयों में अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे थे। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *