बड़ी कार्रवाई: सिरगिट्टी थाना प्रभारी निलंबित, गिरफ्तारी वारंट में लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेश की अनदेखी का मामला बिलासपुर। बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने सख्त कार्रवाई करते हुए तत्कालीन सिरगिट्टी थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट की तामिली और उससे संबंधित पालन प्रतिवेदन समय पर प्रस्तुत न करने में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद की गई है। जारी आदेश के अनुसार, बिहार के कैमूर (भभुआ) स्थित प्रथम व्यवहार न्यायालय के एक प्रकरण में आरोपी मोहम्मद आरिफ खान के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट की तामील और उसकी स्थिति से पुलिस मुख्यालय रायपुर को अवगत कराने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस मुख्यालय के 12 जून 2026 के पत्र के बावजूद निर्धारित समय सीमा में पालन प्रतिवेदन नहीं भेजा गया। एसएसपी ने इसे कर्तव्य में गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल प्रभाव से निरीक्षक अभय सिंह बैस को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। पहले भी जांच में लापरवाही पर हो चुकी थी कार्रवाई इसी निरीक्षक अभय सिंह बैस के खिलाफ पहले भी कार्रवाई हो चुकी थी। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्चियों से दुष्कर्म और मारपीट के गंभीर मामले की जांच में लापरवाही के आरोप लगे थे। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद थाना प्रभारी समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंचे और कार्रवाई में देरी की गई। आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाने और जांच में गंभीर चूक के आरोप सामने आने के बाद आईजी और एसएसपी स्तर पर संज्ञान लिया गया था, जिसके बाद थाना प्रभारी और विवेचना अधिकारी को लाइन अटैच कर दिया गया था। प्रशासन का सख्त रुख लगातार सामने आ रही लापरवाही के मामलों को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह की यह कार्रवाई पुलिस विभाग में अनुशासन और कार्यप्रणाली को लेकर कड़ा संदेश मानी जा रही है। Post navigation बालोद में डीजल माफियाओं पर पुलिस का सबसे बड़ा एक्शन, 11 आरोपी गिरफ्तार