बिलासपुर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद महिला के पेट में सर्जिकल धागा मिलने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर CMHO ने निजी नर्सिंग होम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। बिलासपुर। शहर के एक निजी नर्सिंग होम में कथित चिकित्सकीय लापरवाही का मामला सामने आया है। सिजेरियन डिलीवरी के बाद महिला के पेट में सर्जिकल धागा छूट जाने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) से शिकायत की है। मामले को गंभीर मानते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंग होम प्रबंधन से जवाब तलब किया है। जानकारी के अनुसार, बहतराई क्षेत्र निवासी एक महिला को जून माह में प्रसव के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, जहां ऑपरेशन के माध्यम से बच्चे का जन्म हुआ। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद महिला को लगातार पेट में तेज दर्द, उल्टी और अन्य शारीरिक परेशानियां होने लगीं। परिजनों का आरोप है कि दोबारा अस्पताल ले जाने पर दर्द को सामान्य बताकर बिना विस्तृत जांच के वापस भेज दिया गया। महिला की तबीयत में सुधार नहीं होने पर उसे दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने पेट के भीतर सर्जिकल धागा होने की जानकारी दी। इसके बाद दोबारा ऑपरेशन कर धागा निकाला गया। फिलहाल महिला का उपचार जारी है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने CMHO से लिखित शिकायत कर संबंधित डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई, लाइसेंस पर उचित निर्णय तथा मुआवजा दिलाने की मांग की है। CMHO डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित नर्सिंग होम को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय जांच के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। Post navigation बलोद में मूंछ पर ताव देने के बाद भड़का विवाद… बाइक को टक्कर मारकर युवक की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या दुर्ग पुलिस का बड़ा खुलासा: 1242 म्यूल बैंक खातों से चल रहा था साइबर ठगी का नेटवर्क, 122 गिरफ्तार