अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान तीनों की मौत, 3 दिनों में सर्पदंश से 6 लोगों की जा चुकी है जान


सरगुजा।

छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में सर्पदंश के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बलरामपुर जिले के दो सगे भाई विकास नगेशिया (9 वर्ष) और विक्रांत नगेशिया (3 वर्ष) तथा जशपुर जिले की 43 वर्षीय सेबेपितया शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि दोनों मासूम भाइयों को बलरामपुर जिले के पिपरसोत गांव में गुरुवार रात घर में सोते समय करैत (Krait) सांप ने डस लिया था। वहीं जशपुर जिले की महिला को भी जमीन पर सोने के दौरान सांप ने काट लिया था। तीनों का इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।


घर में सो रहे थे दोनों मासूम भाई

जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात करीब 11:30 बजे विकास नगेशिया और उसका छोटा भाई विक्रांत नगेशिया खाट पर सो रहे थे। इसी दौरान विकास को शरीर में कुछ काटने का एहसास हुआ। शोर सुनकर परिजन पहुंचे तो खाट पर करैत सांप दिखाई दिया। दोनों बच्चों को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।


जशपुर की महिला भी नहीं बच सकी

जशपुर जिले के डोकड़ा गांव निवासी सेबेपितया (43 वर्ष) को 30 जून की रात जमीन पर सोते समय सांप ने काट लिया था। परिजनों ने कमरे में करैत सांप देखा और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत होने पर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।


3 दिनों में 6 लोगों की मौत

मानसून शुरू होने के साथ ही सरगुजा संभाग में सर्पदंश की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। पिछले तीन दिनों में ही सर्पदंश से 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है।


करैत सांप के बारे में जानिए

  • करैत भारत के सबसे जहरीले सांपों में गिना जाता है।
  • यह अधिकतर रात के समय सक्रिय रहता है।
  • घरों में, खाट के नीचे या जमीन पर सो रहे लोगों को डसने की घटनाएं ज्यादा होती हैं।
  • इसके काटने पर शुरुआत में दर्द कम महसूस होता है, लेकिन कुछ घंटों बाद शरीर सुन्न होने लगता है और सांस लेने में दिक्कत हो सकती है।
  • सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *