जनपद पंचायत सभापति रविशंकर चंद्रवंशी की पहल रंग लाई, वर्षों से बदहाल कुम्ही-कांपा मार्ग पर शुरू हुई मरम्मत

कुम्ही। जनपद पंचायत सभापति रविशंकर चंद्रवंशी की सक्रिय पहल से वर्षों से बदहाल पड़े कुम्ही-कांपा पहुंच मार्ग पर आखिरकार राहत कार्य शुरू हो गया है। लंबे समय से जर्जर और कीचड़ से भरे इस कच्चे मार्ग पर मुरूम और डस्ट डलवाकर आवागमन को सुगम बनाया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। बरसात के मौसम में कीचड़ और गड्ढों के चलते स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और राहगीरों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार शिकायतें और आवेदन दिए गए, लेकिन सड़क का स्थायी निर्माण शुरू नहीं हो सका।

ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए जनपद पंचायत सभापति रविशंकर चंद्रवंशी ने तत्काल पहल की। कुम्ही की जनपद सदस्य सुमन प्रदीप चंद्रवंशी के साथ उन्होंने क्षेत्रीय विधायक भावना बोहरा से चर्चा कर सड़क की मरम्मत कराने का आग्रह किया। इसके बाद बिना देरी किए मार्ग पर मुरूम और डस्ट डलवाने का कार्य शुरू कराया गया, जिससे अब लोगों को आने-जाने में काफी सुविधा मिल रही है।

ग्रामीणों ने इस त्वरित पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों बाद पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेकर तत्काल राहत दिलाने का प्रयास किया है। हालांकि लोगों की मांग अब भी यही है कि इस मार्ग का जल्द से जल्द स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में बरसात के दौरान फिर ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

फिलहाल मरम्मत कार्य से राहत जरूर मिली है, लेकिन अब पूरे क्षेत्र की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कुम्ही-कांपा मार्ग को पक्की सड़क का रूप कब मिलेगा। यदि सड़क निर्माण जल्द शुरू होता है तो यह क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े