गुढ़ियारी में 15 लाख की दही हांडी के लिए मचेगी होड़, B Praak और लखबीर सिंह लक्खा की प्रस्तुति बनेगी आकर्षण

5 सितंबर को अवधपुरी मैदान में होगा 16वां विशाल दही हांडी उत्सव, देशभर से पहुंचेंगी गोविंदा टोलियां

रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी में इस बार भव्य दही हांडी उत्सव का आयोजन होने जा रहा है। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के विशेष सहयोग से 5 सितंबर 2026, शनिवार को 16वां विशाल दही हांडी उत्सव एवं प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम का आयोजन अवधपुरी मैदान, दही हांडी उत्सव स्थल, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में दोपहर 3 बजे से होगा। इस बार प्रतियोगिता को पहले से अधिक भव्य बनाया गया है। आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण 15 लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि होगी, जो प्रतियोगिता में विजेता गोविंदा टोली को प्रदान की जाएगी।

कई राज्यों से पहुंचेंगी गोविंदा टोलियां

दही हांडी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड, ओडिशा सहित अन्य राज्यों की गोविंदा टोलियां हिस्सा लेंगी।

समिति के अनुसार रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों की लगभग 26 गोविंदा टोलियों और महिला गोविंदा टोलियों ने अब तक पंजीयन कराया है। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश से भी टोलियों ने प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए अपना नाम दर्ज कराया है। इनमें भंडारा, इंदौर और जबलपुर से आने वाली टोलियां भी शामिल हैं।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं रखा गया है। विजेता टोली को 15 लाख रुपये के पुरस्कार के अलावा अन्य प्रतिभागी टोलियों को भी समिति की ओर से सांत्वना राशि प्रदान की जाएगी।

B Praak और लखबीर सिंह लक्खा की प्रस्तुति

दही हांडी उत्सव केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहेगा। कार्यक्रम में भव्य सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।

इस दौरान लोकप्रिय गायक B Praak, प्रसिद्ध भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर अपनी प्रस्तुतियां देंगी।

आयोजकों को उम्मीद है कि धार्मिक उत्सव के साथ होने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां युवाओं और कृष्ण भक्तों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

पुरुष और महिला दही हांडी के साथ ग्रीस वाले खंभे की चुनौती

आयोजन में इस बार भी अलग-अलग श्रेणियों की प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें पुरुष दही हांडी, महिला दही हांडी और ग्रीस युक्त खंभा दही हांडी प्रमुख आकर्षण होंगे।

प्रतियोगिता में शामिल होने वाली गोविंदा टोलियां मानव पिरामिड बनाकर दही हांडी फोड़ने का प्रयास करेंगी। अलग-अलग राज्यों से आने वाली टोलियों के बीच मुकाबले में साहस, संतुलन, टीमवर्क और उत्साह देखने को मिलेगा।

सुरक्षा के लिए पुलिस, प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस की व्यवस्था

आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गोविंदा टोलियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

समिति द्वारा प्रशासन के सहयोग से पुलिस व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र और आपातकालीन स्थिति के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भी समुचित इंतजाम किए जाएंगे।

समिति ने सभी गोविंदा टोलियों से प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। आयोजकों के अनुसार किसी टोली द्वारा अपने स्तर पर किए गए प्रयास के दौरान होने वाली व्यक्तिगत दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित टोली की स्वयं की होगी।

कृष्ण भक्ति के रंग में रंगेगा गुढ़ियारी

समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल और सह-संयोजक हेमेंद्र साहू ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को भव्य रूप से मनाने के साथ युवाओं और समाज को धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव से जोड़ना है।

उन्होंने रायपुरवासियों, कृष्ण भक्तों और युवाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। आयोजन स्थल पर “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष के साथ कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

वार्ता के दौरान ये लोग रहे मौजूद

वार्ता के दौरान पुष्पेंद्र उपाध्याय, हेमेंद्र साहू, दीनानाथ शर्मा, घनश्याम पारीक, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, शंकर बरवा, प्रकाश माहेश्वरी, पुरुषोत्तम देवांगन, संजय अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, श्रवण शर्मा, दीपक राम और भगत अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *