बिलासपुर बैंक घोटाला: डिप्टी ब्रांच मैनेजर 1.38 करोड़ लेकर फरार, नकली सोना रखकर असली गायब किया

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में निजी बैंकिंग सिस्टम को झकझोर देने वाला बड़ा फाइनेंशियल फ्रॉड सामने आया है। मंगला स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा में डिप्टी ब्रांच मैनेजर ने अपने पति के साथ मिलकर करीब 1 करोड़ 38 लाख रुपए की धोखाधड़ी को अंजाम दिया और फरार हो गई। मामले के खुलासे के बाद बैंक प्रबंधन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को बर्खास्त कर दिया है, वहीं पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऑडिट में खुला राज, रिपोर्ट का आखिरी पन्ना गायब

पूरा मामला तब सामने आया जब ब्रांच के मौजूदा मैनेजर अरूप पाल ने बैंक ऑडिट के दौरान गड़बड़ी पकड़ी। 17 सितंबर 2025 को वित्तीय लेन-देन की रिपोर्ट चेक करते समय पाया गया कि रिपोर्ट का अंतिम पन्ना गायब है। जांच में सामने आया कि इसे डिप्टी ब्रांच मैनेजर तनीषा अग्रवाल ने जानबूझकर हटाया था।

गोल्ड लोन में बड़ा खेल: असली सोना गायब, नकली ज्वेलरी मिली

ऑडिट को आगे बढ़ाने पर एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। गोल्ड लोन के 4 पाउच में असली सोने के जेवरों की जगह नकली गहने रखे मिले। इससे साफ हुआ कि बैंक के लॉकर से असली सोना निकाल लिया गया था।

फर्जी साइन कर 87.95 लाख उड़ाए, FD से भी निकाले पैसे

जांच में यह भी सामने आया कि ग्राहकों के फर्जी हस्ताक्षर कर 14 अवैध ट्रांजैक्शन के जरिए 87.95 लाख रुपए निकाले गए। इसके अलावा एक महिला ग्राहक की 30 लाख की एफडी पर ओवरड्राफ्ट लेकर बिना अनुमति 28.29 लाख रुपए निकाल लिए गए।

रिकॉर्ड गायब, लंबे समय से चल रहा था खेल

बैंक रिकॉर्ड की जांच में कई ग्राहकों के फिक्स्ड डिपॉजिट और निवेश से जुड़े वाउचर भी गायब मिले। खुलासा हुआ कि अगस्त 2024 से सितंबर 2025 के बीच योजनाबद्ध तरीके से इस पूरे घोटाले को अंजाम दिया गया।

पति के साथ मिलकर रची साजिश, मोबाइल एक्सेस लेकर करते थे फ्रॉड

जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला अधिकारी अपने पति के साथ मिलकर ग्राहकों के घर जाती थी और बैंकिंग सुविधा देने के नाम पर उनके मोबाइल ऐप का एक्सेस लेती थी। इसी के जरिए खातों से रकम निकालकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया जाता था।

22 सितंबर से फरार, पुलिस तलाश में जुटी

थाना प्रभारी एसआर साहू ने बताया कि ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर आरोपी डिप्टी ब्रांच मैनेजर, उसके पति और अन्य लोगों के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपी 22 सितंबर 2025 से फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *