कोंडागांव। जिले के उरंदाबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) कैंप में सोमवार देर रात एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना के बाद कैंप में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।

मृतक जवान की पहचान जोगेंद्र नेताम (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बड़ेडोंगर का निवासी था। वह CAF की 5वीं बटालियन में पदस्थ था और करीब तीन महीने पहले उसकी तैनाती इस कैंप में हुई थी। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान उसने अपनी INSAS सर्विस राइफल से कनपटी पर गोली चला ली। गोली की आवाज सुनकर अन्य जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

पुलिस और विभागीय अधिकारी आत्महत्या के कारणों की जांच कर रहे हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती जांच में व्यक्तिगत परेशानी या मानसिक तनाव की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

जिले के पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *