पंडरिया। ग्राम पंचायत पलानसरी में लंबे समय से बिजली की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिल गई है। गांव में 63 KVA क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है, जिससे अब बिजली आपूर्ति में सुधार होने की उम्मीद है।

ग्रामीणों के अनुसार गर्मी के मौसम में बिजली पर बढ़ते दबाव के कारण बार-बार लो-वोल्टेज और बिजली बाधित होने की समस्या सामने आ रही थी। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ किसानों और छोटे व्यवसायियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या को लेकर ग्रामीण लगातार जनप्रतिनिधियों और बिजली विभाग से समाधान की मांग कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि जनपद सदस्य रवि शंकर चंद्रवंशी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा और ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने की मांग की। इसके बाद विभाग द्वारा गांव में 63 KVA का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नए ट्रांसफार्मर के लगने से बिजली आपूर्ति पहले की तुलना में अधिक सुचारू होगी और गर्मी के मौसम में होने वाली परेशानियों से काफी हद तक राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए जनपद सदस्य रवि शंकर चंद्रवंशी तथा विधायक भावना बोहरा के प्रति आभार जताया है।

गांव में ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद अब लोगों को उम्मीद है कि बिजली संबंधी समस्याएं कम होंगी और दैनिक कार्यों के साथ खेती-किसानी गतिविधियों पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *