बालोद। जिले के देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुर में नाबालिग बेटी से दूर रहने की हिदायत देने की रंजिश में किसान गौकरण साहू (35) की हत्या का मामला सामने आया है। 30 जून की रात मुख्य आरोपी भानुप्रताप जैन अपने पांच साथियों के साथ घर में घुसा और लाठी-डंडों व लकड़ी के राफ्टर से गौकरण साहू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल गौकरण साहू को पहले राजनांदगांव और फिर भिलाई के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 8 दिन तक कोमा में रहने के बाद बुधवार को उनकी मौत हो गई। मौत के बाद पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103 (हत्या) जोड़ दी है।

पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर फॉरेंसिक, साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे, लकड़ी का राफ्टर, दो बाइक और एक स्कूटी भी जब्त की गई है।

पुलिस जांच के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले मुख्य आरोपी की मृतक की नाबालिग बेटी से जान-पहचान को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में आरोपियों ने हमले की साजिश रची। सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े