बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम तिकीदिरी में एक बेटे ने अपनी ही 62 वर्षीय मां पर टांगी और डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। मामूली घरेलू बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। गंभीर रूप से घायल महिला का रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। छत की मरम्मत कराने की बात पर भड़का बेटा जानकारी के अनुसार, तिकीदिरी निवासी कमला देवी (62) ने अपने पुत्र संतोष रजक (40) से बरसात शुरू होने से पहले घर की खपड़ा छत की मरम्मत कराने को कहा था। बताया जा रहा है कि मां की इतनी सी बात सुनकर संतोष आगबबूला हो गया। पहले उसने डंडे से अपनी मां की बेरहमी से पिटाई की और इसके बाद टांगी उठाकर उन पर हमला कर दिया। सिर, हाथ और कमर पर गंभीर चोटें हमले में कमला देवी के सिर, हाथ और कमर में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। मां को बचाने पहुंचे भाई को भी दौड़ाया घटना की सूचना मिलते ही कमला देवी का छोटा बेटा अजीत अपनी मां को बचाने पहुंचा। आरोप है कि संतोष टांगी लेकर उसके पीछे भी दौड़ पड़ा। अपनी जान बचाने के लिए अजीत को करीब डेढ़ किलोमीटर तक भागना पड़ा। आखिरकार उसने जंगल में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। पहले भी कर चुका है हिंसक हमला परिजनों के अनुसार, आरोपी संतोष का व्यवहार पहले भी हिंसक रहा है। आरोप है कि उसने इससे पहले भी अपनी मां पर टांगी से हमला किया था। इतना ही नहीं, वह अपने पिता को भी गंभीर रूप से घायल कर चुका है। परिवार का कहना है कि आरोपी अक्सर आक्रामक हो जाता है। पुलिस ने शुरू की कार्रवाई घटना की शिकायत रामचंद्रपुर थाने में दर्ज करा दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। Post navigation 10 दिन में 10 करोड़ भुगतान के आश्वासन पर थमा किसानों का आंदोलन, विधायक भावना बोहरा ने मांगों के समाधान का दिलाया भरोसा 300 से ज्यादा 5 स्टार होटलों को बना चुका था निशाना! खुद को कभी विदेशी गाइड, कभी योगा टीचर बताकर करता था ठगी, रायपुर पुलिस ने दबोचा