भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में एक होटल के कमरे से 19 वर्षीय म्यूजिक आर्टिस्ट शादाब का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शादाब मंगलवार शाम अपनी गर्लफ्रेंड के साथ सुपेला थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरा था। बुधवार सुबह उसका शव कमरे के बेड पर मिला, जबकि पंखे से एक स्कार्फ का फंदा लटका हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए युवती पर हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि शादाब के शरीर पर चोट के निशान थे और वह ऐसा कदम कभी नहीं उठा सकता था। भाई अल्ताफ शेख ने आरोप लगाया कि युवती ने उसके साथ मारपीट की और पूरी रात शव के साथ कमरे में मौजूद रही। परिवार ने होटल के सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक जांच के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। मामले में एक और पहलू भी सामने आया है। शादाब के दोस्तों के मुताबिक, कुछ समय पहले उसका अपनी पुरानी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो चुका था। घटना वाले दिन पूर्व प्रेमिका का फोन आने के बाद कमरे में मौजूद दोनों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। परिजनों का दावा है कि देर रात शादाब के दोस्त होटल पहुंचे थे, लेकिन कमरे का दरवाजा नहीं खुला। काफी देर इंतजार के बाद वे लौट गए। अगली सुबह युवती कमरे से बाहर निकली और फिर वापस अंदर गई। बाद में जब दरवाजा खोला गया तो शादाब मृत अवस्था में बेड पर पड़ा मिला। परिवार का कहना है कि यह पूरी गतिविधि होटल के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। सुपेला पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी। Post navigation महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप का मास्टरमाइंड ओमान में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी तेज; इंटरपोल रेड नोटिस के बाद हुई कार्रवाई फर्जी कार्डियोलॉजिस्ट केस: आरोपी डॉक्टर के खिलाफ चार्जशीट, अपोलो प्रबंधन को क्लीन चिट