महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-53 पर हुई चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 46 लाख रुपए से ज्यादा कीमत के चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। हैरानी की बात यह रही कि बस में सफर कर रहे यात्री के पास इतनी भारी मात्रा में चांदी होने के बावजूद कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। दरअसल, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सिंघोड़ा थाना पुलिस रेहटीखोल चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही ‘श्री श्याम ट्रैवल्स’ की एक बस को रोका गया। जांच के दौरान एक यात्री का बैग संदिग्ध लगा, जिसके बाद तलाशी ली गई। बैग खोला तो उड़ गए होश पुलिस ने जैसे ही नीले रंग का पिट्ठू बैग खोला, अंदर से 3 प्लास्टिक डिब्बों में रखे करीब 600 नग चांदी के पायल बरामद हुए। कुल वजन करीब 18.590 किलोग्राम बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत 46 लाख रुपए से ज्यादा है। ओडिशा से रायपुर ला रहा था माल पूछताछ में यात्री ने अपनी पहचान कटक (ओडिशा) निवासी राज किशोर शर्मा उर्फ राजू (58) के रूप में बताई। वह यह चांदी रायपुर लेकर आ रहा था, लेकिन इसके संबंध में कोई भी लिखित दस्तावेज पेश नहीं कर सका। कागज नहीं… सीधे जब्ती दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 94 के तहत नोटिस जारी किया और धारा 106 के तहत आभूषणों को जब्त कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय को भेज दी गई है। एक महीने पहले भी ऐसा ही मामला गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले भी महासमुंद जिले में 54 लाख रुपए से ज्यादा के चांदी के आभूषण जब्त किए गए थे। उस समय कोमाखान में एक कार से 21 किलो से ज्यादा चांदी बरामद हुई थी, लेकिन उसमें भी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले थे। पुलिस ने तब आभूषणों के साथ वाहन भी जब्त कर लिया था। Post navigation High Court Decision : अनुकंपा नौकरी पर बड़ा फैसला: ‘यह विरासत नहीं जिम्मेदारी है’ 22 बार नदी पार कराएगी ये सफारी… भोरमदेव में शुरू होने जा रहा है सबसे खतरनाक जंगल सफर!