व्यापार विहार में छापेमारी के बाद मचा हड़कंप, 50 हजार का मसाला सीज बिलासपुर। नकली मसालों के कारोबार की आशंका ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। व्यापार विहार स्थित एक ट्रांसपोर्ट परिसर में हुई छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने बड़ी मात्रा में संदिग्ध एवरेस्ट मीट मसाला बरामद किया है। शुरुआती जांच में पैकिंग और उत्पाद को देखकर इसे नकली होने की आशंका जताई गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है। ट्रांसपोर्ट परिसर से मिला संदिग्ध माल खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने व्यापार विहार स्थित श्री मारुति गुड्स गैरेज में कार्रवाई की। जांच के दौरान एवरेस्ट मसाला कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मौके पर मिले एवरेस्ट मीट मसाला के 9 बॉक्स को जांच के दायरे में लिया गया। बताया जा रहा है कि कंपनी प्रतिनिधि ने पहली नजर में ही पैकिंग और प्रोडक्ट को संदिग्ध बताया, जिसके बाद विभाग ने करीब 50 हजार रुपए कीमत का मसाला सीज कर दिया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। सबसे बड़ा सवाल- आखिर माल किसका है? जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि जिस जगह से मसाला बरामद हुआ, वह किसी व्यापारी की दुकान नहीं बल्कि ट्रांसपोर्टर का परिसर है। अब तक कोई भी व्यक्ति या संस्था सामने नहीं आई है जिसने जब्त मसाले पर अपना दावा किया हो। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर यह माल किसने भेजा, कहां से आया और किस बाजार में इसकी सप्लाई की जानी थी। ट्रांसपोर्टर से लगातार पूछताछ की जा रही है और उससे बुकिंग डिटेल, दस्तावेज और सप्लाई चैन से जुड़ी जानकारी मांगी गई है। नकली मसालों के नेटवर्क की तलाश अधिकारियों को आशंका है कि मामला सिर्फ एक खेप तक सीमित नहीं हो सकता। इसी वजह से पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। मुखबिरों के जरिए भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदिग्ध मसाला किन बाजारों तक पहुंचने वाला था। कंपनी से मांगी गई तकनीकी रिपोर्ट खाद्य विभाग ने एवरेस्ट कंपनी से विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की है। कंपनी से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि जब्त मसाला असली है, नकली है या पैकिंग में किसी तरह की छेड़छाड़ हुई है। इसके अलावा मसाले के नमूने जांच के लिए लैब भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। अधिकारी बोले- जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के डीओ आरआर देवांगन ने बताया कि शुरुआती जांच में एवरेस्ट मीट मसाला संदिग्ध लगने पर उसे सीज किया गया है। कंपनी प्रतिनिधि से भी मौके पर पुष्टि कराई गई है। फिलहाल सैंपल परीक्षण के लिए भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। Post navigation CG Weather Alert छत्तीसगढ़ में मौसम ने ली अचानक करवट! धूप से तप रहे लोग बोले- “अब मिली राहत”, अगले 4 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट पढ़िए खबर आज दिन भर की सबसे बड़ी खबरें : कहीं कोई बड़ी अपडेट छूट ना जाए, पढ़िए JOHARPOST.IN का मेगा न्यूज राउंडअप