छत्तीसगढ़ के दुर्ग में मातम: दो बहनें, पिता और मासूम बच्ची की जलकर मौत


दुर्ग। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए भीषण सिलेंडर ब्लास्ट ने पूरे इलाके को दहला दिया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में दो बहनें, उनके पिता और डेढ़ साल की मासूम बच्ची शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

बताया जा रहा है कि हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक घर में पहले शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते आग किचन तक पहुंच गई और वहां रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया।

धमाका इतना भयानक था कि पूरे मकान में आग की लपटें फैल गईं। घर के अंदर मौजूद लोगों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। आसपास के लोगों ने जोरदार धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब घर के अंदर तलाशी ली गई तो चार जले हुए शव बरामद किए गए। हादसे के बाद पूरा मकान जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार मृतकों में एक शादीशुदा महिला और उसकी डेढ़ साल की बेटी भी शामिल है। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह साफ हो पाएगी।

#Durg #Kumhari #CylinderBlast #FireAccident #ChhattisgarhNews #BreakingNews #DurgNews #FireBlast #ShortCircuit #JoharPostNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *