देर रात आमने-सामने टकराईं दो बाइक, चीख-पुकार से गूंजा इलाका धमतरी। जिले में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को दहला दिया। पहली घटना अर्जुनी थाना इलाके के लोहरसी गांव के पास हुई, जहां देर रात दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दुर्घटना में एक मासूम बच्चे समेत चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को आसपास के लोगों ने तुरंत मदद पहुंचाई और एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल रवाना किया गया। शोक कार्ड बांटकर लौट रहे थे पिता-पुत्र, तभी हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक अविनाश बघेल अपने 5 वर्षीय बेटे आरव बघेल के साथ बाइक से शोक कार्ड बांटकर खरतुली गांव से जालमपुर लौट रहे थे। उसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक पर खेलु साहू और विमल लाल साहू सवार थे, जो खरतुली की तरफ जा रहे थे। लोहरसी स्थित एक निजी स्कूल के पास दोनों मोटरसाइकिलें आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर के बाद चारों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही वरदान एंबुलेंस और 108 की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दूसरी घटना में बायपास पर पलटा आयसर वाहन इधर जिले में दूसरा हादसा मुजगहन बायपास पर सामने आया। दोपहर के समय ट्रक और आयसर वाहन के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद आयसर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि वाहन में मौजूद ड्राइवर और कंडक्टर सुरक्षित बच गए और उन्हें किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद कुछ देर तक बायपास मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की मदद से वाहन को हटाकर रास्ता साफ कराया गया। लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे, लोग बोले- तेज रफ्तार बन रही जानलेवा धमतरी जिले में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय कई वाहन तेज गति से चलते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। Post navigation कोरबा में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर बड़ी कार्रवाई, 8 कारोबारियों पर लाखों का जुर्माना BREAKING: दुर्ग में शॉर्ट सर्किट बना काल, सिलेंडर फटते ही 4 लोगों की दर्दनाक मौत