रायपुर में ‘धीमा जहर’ पर वार: 1000 दुकानों पर छापा, क्विंटल भर खराब सामान नष्ट

रायपुर। भीषण गर्मी के बीच शहर में बिक रहे खान-पान को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। चटपटे स्वाद के नाम पर लोगों को ‘धीमा जहर’ परोसा जा रहा है। जांच में सामने आया है कि गुपचुप के पानी में पुदीना-धनिया की जगह हरे रंग का केमिकल मिलाया जा रहा है, वहीं आम को जल्दी पकाने के लिए खतरनाक रसायनों का इस्तेमाल हो रहा है।

फूड एंड ड्रग सेफ्टी विभाग की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर 1000 से ज्यादा दुकानों की जांच की। इस दौरान कई जगहों से मिलावटी और सड़ी-गली खाद्य सामग्री जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दी गई।

गुपचुप का पानी निकला ‘जहरीला’

जांच के दौरान 27 चाट और गुपचुप सेंटरों की जांच की गई। एक दुकान में गुपचुप के पानी में हरा रंग मिला हुआ पाया गया, जिसे प्राकृतिक सामग्री की जगह इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने करीब 20 लीटर संदिग्ध पानी मौके पर ही नष्ट कराया।

एक्सपायर्ड ब्रेड और गंदे पानी की बर्फ

कार्रवाई के दौरान एक बेकरी से एक्सपायर्ड ब्रेड जब्त की गई। वहीं ठंडे पेय पदार्थों में इस्तेमाल होने वाली बर्फ भी गंदे पानी से बनी पाई गई, जो सीधे लोगों की सेहत पर असर डाल सकती है।

आम और सब्जियों में खतरनाक केमिकल

जांच में सामने आया कि फल और सब्जियों को आकर्षक बनाने के लिए खतरनाक केमिकल का इस्तेमाल हो रहा है।

  • आम को जल्दी पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड
  • सब्जियों को हरा दिखाने के लिए कॉपर सल्फेट
  • मसालों में रंग और ईंट का चूरा

दूध और मसालों में भी मिलावट

विशेषज्ञों के मुताबिक दूध में पानी, डिटर्जेंट और यूरिया मिलाया जा रहा है। वहीं मसालों में सस्ते रंग और बुरादा मिलाकर उन्हें बाजार में बेचा जा रहा है।

डॉक्टरों की चेतावनी: बन सकता है जानलेवा

मेकाहारा अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि ये मिलावटी पदार्थ शरीर पर धीरे-धीरे असर करते हैं।

  • लिवर और किडनी को नुकसान
  • इम्यून सिस्टम कमजोर
  • कैंसर और दिल की बीमारी का खतरा

प्रशासन का एक्शन मोड

प्रदेश में 27 अप्रैल से 11 मई तक विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। ‘सही दवा, शुद्ध आहार’ थीम के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार नियम तोड़ने वाले दुकानदारों पर फूड सेफ्टी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ऐसे करें मिलावट की पहचान (1 मिनट में)

  • गुपचुप पानी: ज्यादा चमकीला रंग दिखे तो सावधान
  • आम: बहुत जल्दी पका और एकसमान पीला हो तो शक करें
  • दूध: झाग ज्यादा और स्वाद अजीब लगे तो जांच करें
  • मसाले: पानी में डालते ही रंग छोड़े तो मिलावटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *