कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। अंतागढ़ विकासखंड के कलगांव में तालाब गहरीकरण कार्य के दौरान बिजली की चपेट में आने से पंचायत के उपसरपंच समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं घायल हो गईं। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार कलगांव में ग्रामीण विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (पूर्व मनरेगा योजना) के तहत तालाब गहरीकरण का कार्य चल रहा था। शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में मजदूर कार्यस्थल पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के बीच आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

उपसरपंच समेत तीन की मौत

हादसे में उपसरपंच मनराज पटेल, संतोष पटेल और प्रकाश पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बिजली का झटका बेहद तेज था, जिससे तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

पांच महिलाएं घायल

घटना में पांच महिलाएं भी घायल हुई हैं। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ ले जाया गया। इनमें एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

गांव में शोक का माहौल

हादसे की खबर फैलते ही कलगांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार कुछ ही पलों में सामान्य दिन एक बड़े हादसे में बदल गया।

प्रशासन पहुंचा मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मौसम विभाग ने बारिश के दौरान खुले स्थानों में काम करने वालों से सतर्क रहने और आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *