CEO पांडे के तेवर से BJP नेता हुआ ठंडा? बोले- "तेरे को जो करना है कर", VIDEO VIRAL"

दुर्ग। जिले के थनौद गांव में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान भाजपा नेता और जनपद पंचायत CEO के बीच तीखी बहस का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, दुर्ग ग्रामीण मंडल के महामंत्री पुराण देशमुख और जनपद CEO रूपेश पांडे के बीच सामुदायिक भवन की राशि जारी किए जाने को लेकर विवाद हो गया। भाजपा नेता का आरोप था कि भवन निर्माण पर पहले स्टे लगाया गया था, इसके बावजूद राशि कैसे जारी कर दी गई।

वहीं CEO का कहना था कि संबंधित स्टे हट चुका था, जिसके बाद नियमानुसार राशि जारी की गई। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान जनपद CEO ने नाराजगी जताते हुए भाजपा नेता से कहा, “तेरे को जो करना है कर ले।” इसके बाद माहौल कुछ देर के लिए गर्मा गया।

बताया जा रहा है कि यह पूरा घटनाक्रम दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर की मौजूदगी में हुआ। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

फिलहाल, इस मामले में किसी प्रकार की आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस घटना को प्रशासनिक अराजकता की तस्वीर बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *