दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर के सबसे व्यस्त कारोबारी इलाकों में से एक इंद्रा मार्केट में रविवार को पुलिस की बड़ी कार्रवाई ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। नीचे मिठाई और आइसक्रीम की दुकान, जबकि उसी इमारत के ऊपर स्थित जलाराम लॉज में कथित तौर पर देह व्यापार का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने छापा मारकर 3 युवतियों, 3 ग्राहकों और दुकान संचालक सहित कुल 7 लोगों को हिरासत में लिया।

पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं। मामले में पीटा एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।


दोपहर में अचानक पहुंची पुलिस, मच गया हड़कंप

जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस की संयुक्त टीम तीन वाहनों में इंद्रा मार्केट पहुंची। पुलिस ने बिना समय गंवाए जलाराम लॉज को चारों तरफ से घेर लिया और अंदर तलाशी शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान लॉज के अलग-अलग कमरों से 3 युवतियां और 3 ग्राहक आपत्तिजनक स्थिति में मिले।

छापेमारी की खबर फैलते ही पूरे बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई। देर शाम तक पुलिस की जांच और पूछताछ जारी रही।


नीचे मिठाई-आइसक्रीम, ऊपर चलता था कथित देह व्यापार

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भवन के नीचे मिठाई और आइसक्रीम की दुकान संचालित होती थी, जिससे किसी को भी ऊपर चल रही गतिविधियों पर संदेह नहीं होता था। बताया जा रहा है कि लॉज में केवल पुराने और पहचान वाले ग्राहकों को ही प्रवेश दिया जाता था। नए लोगों की एंट्री नहीं होती थी और ग्राहकों से पहले से संपर्क कर बुलाया जाता था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देती थीं, लेकिन किसी ने खुलकर शिकायत नहीं की।


पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह कथित रैकेट कब से संचालित हो रहा था। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि युवतियों को कहां से लाया जाता था, पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका थी और क्या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय था।

जांच एजेंसियां जब्त मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही हैं। पूछताछ के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।


पीटा एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पीटा एक्ट (Immoral Traffic Prevention Act) सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *