सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक 4 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 14 वर्षीय नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर कोरबा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार पीड़ित बच्ची और आरोपी के परिवारों के बीच पहले से परिचय था। दोनों परिवार एक ही समाज से जुड़े होने के कारण आरोपी का बच्ची के घर आना-जाना था। आरोप है कि घटना के दौरान घर में कम लोगों की मौजूदगी का फायदा उठाकर नाबालिग ने बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।

घटना की जानकारी मिलने पर बच्ची के परिजनों ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी नाबालिग को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे कोरबा के बाल संप्रेक्षण गृह भेजने के निर्देश दिए गए। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *