रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में कांग्रेस संगठन आज पूरे दिन रणनीतिक मंथन में जुटा रहा। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट कांग्रेस भवन में लगातार बैक-टू-बैक बैठकें ले रहे हैं। दिन की शुरुआत विधायकों के साथ वन-टू-वन चर्चा से हुई, जहां पायलट ने सीधे फीडबैक लेकर जमीनी स्थिति को समझने की कोशिश की।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और वरिष्ठ नेता चरणदास महंत भी मौजूद रहे, जिससे इस बैठक का महत्व और बढ़ गया।

दिनभर बैठकों का सिलसिला

सुबह विधायकों के साथ चर्चा के बाद संगठन के अलग-अलग स्तर पर बैठकों का दौर जारी है।
दोपहर 12 बजे जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ अहम बैठक होगी, जिसमें संगठन की स्थिति और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इसके बाद दोपहर 2 बजे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बैठक में बूथ स्तर तक रणनीति को मजबूत करने पर फोकस रहेगा।

सरकार के खिलाफ रणनीति पर मंथन

इन बैठकों में पार्टी की आगामी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और सरकार को घेरने की तैयारी पर विशेष चर्चा हो रही है। माना जा रहा है कि कांग्रेस आने वाले समय में आक्रामक रुख अपनाने की तैयारी में है।

17 मार्च को हुआ था पिछला बड़ा दौरा

इससे पहले 17 मार्च को सचिन पायलट का दौरा काफी चर्चा में रहा था। उस दौरान वे विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जिसमें प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता जुटे थे। कांग्रेस ने उस प्रदर्शन को सरकार के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *