कवर्धा में छात्र की चप्पलों-घूसों से पिटाई: तालाब खुदाई पर सवाल पूछा, वायरल हुआ वीडियो, कांग्रेस बोली- माफियाराज! कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के बघर्रा गांव में तालाब खुदाई को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। छात्र का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने खुदाई से जुड़े दस्तावेज मांग लिए। इस दौरान ठेकेदार के लोगों ने उसे हाथ-मुक्कों और चप्पलों से पीट दिया। पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दस्तावेज मांगने पर भड़का विवाद जानकारी के मुताबिक, पीड़ित छात्र हरि प्रसाद चंद्राकर 19 अप्रैल को जनपद सदस्य गजपती साहू और ग्रामीणों के साथ पैठू तालाब (बघर्रा गांव) पहुंचा था। यहां तालाब खुदाई का काम चल रहा था। छात्र ने ठेकेदार से काम से जुड़े दस्तावेज दिखाने की मांग की, इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। चप्पल-थप्पड़ों से की पिटाई, वीडियो वायरल आरोप है कि रोहित चंद्राकर, संजय चंद्राकर, भागबली चंद्राकर और भागवत चंद्राकर ने गाली-गलौज करते हुए छात्र पर हमला कर दिया। उसे थप्पड़ों, चप्पलों और पत्थरों से मारा गया। इस दौरान मौजूद ग्रामीण मूकदर्शक बने रहे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। 4 आरोपियों पर केस दर्ज पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी पक्ष के रोहित चंद्राकर ने भी थाने में शिकायत दी है। उनका आरोप है कि छात्र और उसके साथियों ने काम बंद कराने और जान से मारने की धमकी दी थी। ठेकेदार का दावा- अनुमति से हो रहा था काम ठेकेदार पक्ष का कहना है कि बघर्रा गांव के पैठू तालाब में खुदाई का कार्य पंचायत प्रस्ताव और प्रशासनिक अनुमति के तहत किया जा रहा था। बावजूद इसके जानबूझकर विवाद खड़ा किया गया। कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना घटना का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर इसे शेयर कर राज्य सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने लिखा कि “भाजपा सरकार नहीं, माफियाराज चल रहा है। गृहमंत्री के गृह जिले में छात्र को अवैध उत्खनन का विरोध करना महंगा पड़ गया।” पुलिस कर रही जांच फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद बघर्रा गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। ‘भाजपा सरकार नहीं, माफियाराज’: छात्र की पिटाई पर कांग्रेस का हमला, वीडियो बना सबूत#Kawardha #Chhattisgarh #ViralVideo #StudentAssault #CrimeNews #CongressVsBJP #MiningDispute #CGNews pic.twitter.com/6SAB06se7L— JOHARPOST.IN (@johar_post) April 22, 2026 चप्पल-थप्पड़ों से की पिटाई, वीडियो वायरल चार लोग मिलकर एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं। वीडियो में छात्र दर्द से चीखते हुए “आ दाई-आ दाई” कहकर मदद की गुहार लगाता नजर आ रहा है, लेकिन हमलावर उस पर लगातार चप्पलों, घूंसों और लातों की बरसात करते रहते हैं। आसपास मौजूद लोग मूकदर्शक बने खड़े रहते हैं और कोई भी बीच-बचाव करने नहीं आता। यह दृश्य न सिर्फ झकझोरने वाला है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है। घटना ने खड़े किए कई सवाल अगर तालाब खुदाई का काम पंचायत की स्वीकृति और प्रशासनिक अनुमति से हो रहा था, तो विवाद की स्थिति में पुलिस को बुलाकर कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या ठेकेदारों के लोग इसी तरह खुलेआम गुंडागर्दी करते रहेंगे और आम लोग खामोश तमाशबीन बने रहेंगे? यह घटना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक जिम्मेदारी दोनों पर सवाल खड़े करती है। Post navigation रायपुर में Lenskart विवाद : हिजाब vs तिलक… शोरूम में घुसकर लगे जय श्री राम के नारे…कर्मचारियों से नाम पूछकर किया ये काम… जानकर आप भी सोचने को हो जाएंगे मजबूर! High Court Decision : अनुकंपा नौकरी पर बड़ा फैसला: ‘यह विरासत नहीं जिम्मेदारी है’