जोहर पोस्ट डेस्क | गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

    छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में दिनदहाड़े एक व्यापारी के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाश खुद को पुलिसकर्मी बताकर घर में घुसे और बंदूक की नोक पर व्यापारी को जबरन कार में बैठाकर ले गए। पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

    घर के बाहर सो रहे थे व्यापारी, तभी पहुंचे बदमाश

    जानकारी के अनुसार, मरवाही थाना क्षेत्र के उषाढ़ गांव निवासी गिरीश यादव किराना, छड़-सीमेंट और आटा चक्की का व्यवसाय करते हैं। शनिवार 20 जून की सुबह करीब 11 बजे गिरीश यादव अपने घर के गलियारे में सो रहे थे, जबकि उनका बेटा पंकज दुकान संभाल रहा था।

    इसी दौरान नीले रंग की एक कार में सवार दो युवक दुकान पहुंचे। उन्होंने पहले सिगरेट और पानी खरीदा, फिर पंकज से उसके पिता के बारे में पूछताछ की। जैसे ही पंकज अपने पिता को बुलाने घर के अंदर गया, दोनों युवक जबरन घर में घुस गए।

    खुद को पुलिस बताया, पिस्तौल दिखाकर धमकाया

    बदमाशों ने सो रहे गिरीश यादव को उठाया और स्टील रंग की पिस्तौल दिखाते हुए खुद को पुलिसकर्मी बताया। जब गिरीश यादव ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें पैर में गोली मारने की धमकी दी।

    इसके बाद दोनों आरोपी उन्हें जबरन कार में बैठाकर बरौर बस्ती की ओर लेकर फरार हो गए। परिवार के लोग चिल्लाते रहे, लेकिन बदमाश नहीं रुके। व्यापारी के बेटे पंकज ने कार का आंशिक नंबर “OD 8552” देखा था।

    CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

    घटना घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी जबरन व्यापारी को पकड़कर कार तक ले जा रहे हैं और अपने साथ लेकर फरार हो जाते हैं।

    घटना की जानकारी मिलने पर व्यापारी की पत्नी के मुंहबोले भाई मनीष जायसवाल ने बरौर इलाके में कार को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से मरवाही की ओर भाग निकले।

    पत्नी की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

    व्यापारी की पत्नी दुर्गा यादव ने मरवाही थाने में शिकायत दर्ज कराई। शुरुआती जांच में जब पुलिस को पता चला कि आरोपी असली पुलिसकर्मी नहीं थे, तब अपहरण और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

    कई टीमें तलाश में जुटीं

    एडिशनल एसपी अविनाश मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 3(5), 333, 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। CCTV फुटेज और वाहन की जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।

    क्षेत्र में बढ़ी दहशत

    दिनदहाड़े घर में घुसकर व्यापारी के अपहरण की इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों और व्यापारियों में भय का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि बदमाश पुलिस बनकर इस तरह किसी को उठा सकते हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।


    #गौरेला_पेंड्रा_मरवाही #मरवाही #गिरीश_यादव #अपहरण #CrimeNews #CCTV #ChhattisgarhNews #JoharPost #BreakingNews #GPMNews

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    जरूर पढ़े