बैकुंठपुर में 11वीं की छात्रा ने सुसाइड नोट छोड़कर फांसी लगाई। परिजनों ने दुकान संचालक पर मानसिक प्रताड़ना और पैसे मांगने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोरिया | JOHARPOST.IN छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में एक आरक्षक की 17 वर्षीय बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि आईसी मार्ट के संचालक ने छात्रा पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाते हुए उससे लिखित स्वीकारोक्ति कराई, स्कूटी जब्त कर ली और उसे छोड़ने के बदले पैसे की मांग की। मानसिक तनाव में छात्रा ने सुसाइड नोट लिखने के बाद आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद पुलिस परिवार और परिजनों ने बैकुंठपुर थाने का घेराव किया। उनकी मांग थी कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विरोध प्रदर्शन के बाद छात्रा के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस ने आईसी मार्ट को सील कर दिया है। अंबिकापुर से साइबर टीम बुलाकर सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। घटना के बाद से दुकान संचालक फरार बताया जा रहा है। कोरिया एएसपी ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वहीं बैकुंठपुर विधायक ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। Post navigation 3 साल बाद EOW के सामने पेश हुए रामगोपाल अग्रवाल, कोर्ट ने 17 जुलाई तक रिमांड पर भेजा रामगोपाल अग्रवाल पर EOW के गंभीर आरोप, कोर्ट में पेश दस्तावेजों में 800 करोड़ के कथित पार्टी फंड का दावा