बिलासपुर। नेशनल हाईवे पर फर्जी पुलिस बनकर बदमाशों ने ट्रक ड्राइवर को निशाना बनाया। आरोपियों ने पहले खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रक की तलाशी ली, फिर ड्राइवर के साथ मारपीट कर उसे जबरन कार में अगवा कर लिया। बदमाश ट्रक में लोड 9 बोरी तंबाकू और 8 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। मामले में सकरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सकरी थाना क्षेत्र के हांफा के पास की है। मध्य प्रदेश के उमरिया निवासी ट्रक ड्राइवर सुरेंद्र जायसवाल 9 मई को गेहूं और तंबाकू लेकर शहडोल से बिलासपुर आ रहा था। रास्ते में ट्रक खराब होने पर वह ढाबे के पास रुका हुआ था। तभी ब्रेजा कार में सवार चार युवक पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रक की जांच शुरू कर दी। आरोपियों ने ड्राइवर को अवैध तस्करी के केस में जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद ट्रक से 9 बोरी तंबाकू उतार लिया और ड्राइवर के साथ मारपीट करते हुए उसे जबरन अपनी कार में बैठाकर ले गए। डराए-धमकाए गए ड्राइवर से चॉइस सेंटर के जरिए 8 हजार रुपए भी निकलवा लिए गए। बाद में आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए। आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद ड्राइवर ने सकरी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीट सिस्टम से मिले इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान की और घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में छतौना निवासी सिद्धार्थ साहू (24), सरगिट्टी नयापारा निवासी नारायण साहू (34), मुंडा निवासी इस्माइल खान (31) और आनंद उर्फ विक्रांत साहू (22) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 9 बोरी तंबाकू और वारदात में इस्तेमाल ब्रेजा कार जब्त कर ली है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने पहले भी ऐसी कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। Post navigation शराब पीने से रोकना पड़ा भारी! बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग की लाठी से हत्या पेट्रोल-डीजल संकट पर प्रदेशभर में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं, कहीं गुस्सा तो कहीं डर का माहौल