पीठ पर 90 साल की सास… जंगल पार कर बैंक पहुंची बहू, सामने आई मजबूरी


सरगुजा। जिले के दूरदराज जंगल इलाके से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने गांव की जिंदगी और सरकारी सुविधाओं की हकीकत दोनों को उजागर कर दिया। यहां एक महिला अपनी बुजुर्ग सास को पीठ पर बांधकर कई किलोमीटर पैदल चलती हुई बैंक पहुंची, ताकि रुकी हुई पेंशन मिल सके।

मैनपाट इलाके के जंगलपारा में रहने वाली सुखमनिया के लिए यह सफर किसी परीक्षा से कम नहीं था। गांव तक जाने वाला रास्ता कच्चा है और बीच में एक बड़ा नाला पड़ता है। बरसों से यहां सड़क और वाहन की सुविधा नहीं पहुंच पाई है। ऐसे में 90 साल की सोनवारी खुद चलने की हालत में नहीं थीं, इसलिए बहू ने उन्हें पीठ पर उठाया और पैदल ही बैंक के लिए निकल पड़ी।

परिवार का कहना है कि पहले गांव में ही पेंशन पहुंच जाती थी, लेकिन कुछ समय से यह व्यवस्था बंद हो गई। कई बार चक्कर लगाने के बाद भी पैसा नहीं मिला, तो आखिरकार बहू ने खुद सास को लेकर बैंक जाने का फैसला किया।

करीब 5 किलोमीटर का सफर तय कर दोनों बैंक पहुंचे, जहां कई महीनों से रुकी पेंशन की रकम दी गई। गांव वालों के मुताबिक परिवार बेहद गरीब है और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में पेंशन ही बुजुर्ग महिला का सबसे बड़ा सहारा है।

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब सरकार घर-घर योजनाओं का दावा करती है, तब दूरदराज गांवों में बुजुर्गों को अब भी ऐसी परेशानियां क्यों झेलनी पड़ रही हैं।

वहीं बैंक प्रबंधन का कहना है कि अब आगे से बुजुर्ग महिला को बैंक आने की जरूरत नहीं पड़ेगी और गांव में ही पेंशन पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *