मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में एक शादी उस वक्त विवादों में घिर गई, जब विवाह के दो दिन बाद ही दुल्हन का कथित प्रेमी सीधे उसके ससुराल पहुंच गया। युवक ने परिवार के सामने दावा किया कि युवती के साथ उसका कई सालों से प्रेम संबंध है। इतना ही नहीं, उसने दोनों की तस्वीरें और वीडियो होने की बात कहकर माहौल गरमा दिया। पढ़िए खबर…

रिसेप्शन की तैयारी के बीच पहुंचा युवक, घर में मचा बवाल

जानकारी के मुताबिक, कठौतिया गांव निवासी नवीन कुमार की शादी 6 मई को कोड़ा क्षेत्र की रहने वाली युवती अनिता से धूमधाम से हुई थी। 7 मई को दुल्हन की विदाई हुई और वह ससुराल पहुंची। परिवार में रिसेप्शन की तैयारियां चल रही थीं, तभी अचानक मयूर अग्रवाल नाम का युवक वहां पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि युवक ड्राय फ्रूट्स का कारोबार करता है। उसने घरवालों के सामने कहा कि वह पिछले तीन साल से युवती के साथ रिलेशनशिप में है और उसके बिना नहीं रह सकता। युवक के इस दावे के बाद घर का माहौल पूरी तरह बदल गया।

‘मेरे पास सबूत हैं’, कहकर दिखाने लगा फोटो-वीडियो

परिजनों के अनुसार, युवक ने अपने मोबाइल में दोनों की तस्वीरें और वीडियो होने की बात कही। इसके बाद दूल्हा पक्ष और युवक के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ा कि मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी।

सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और दूल्हा, दुल्हन व युवक को थाने ले जाया गया। देर रात तक दोनों परिवारों के बीच बातचीत और समझाइश का दौर चलता रहा, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

दूल्हे ने कहा- ‘अब साथ नहीं रख सकता’

पूरे घटनाक्रम के बाद दूल्हे ने साफ शब्दों में कहा कि वह अब दुल्हन को अपने साथ नहीं रखना चाहता। उसका कहना था कि यदि युवती पहले से किसी और के साथ रिश्ते में थी, तो वह इस शादी को आगे नहीं बढ़ा सकता।

दूल्हे ने तलाक लेने की बात भी कही। वहीं इस विवाद के चलते रिसेप्शन कार्यक्रम को तत्काल रद्द कर दिया गया।

रिसेप्शन की रात थाने में गुजरी

जिस रात परिवार जश्न की तैयारी कर रहा था, उसी रात दूल्हा-दुल्हन और कथित प्रेमी थाने में बैठे रहे। पुलिस ने दोनों परिवारों को समझाने की कोशिश की, लेकिन मामला फिलहाल सुलझ नहीं पाया है।

पुलिस ने क्या कहा?

सिटी कोतवाली प्रभारी विवेक पाटले ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। दोनों परिवारों को आपसी बातचीत से मामला सुलझाने की सलाह देकर भेजा गया है। जानिए क्या हुआ आगे, इस पूरे मामले पर अब इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *